उपेन्द्र तिवारी
दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के धनौरा ग्राम पंचायत अंतर्गत जपला चौराहे के पास रविवार को पिकअप और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साढ़ू गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों साढ़ू एक ही बाइक से ससुराल से दुद्धी बाजार की ओर आ रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना में शामिल पिकअप को कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार धनौरा गांव निवासी बाबूलाल (23) पुत्र परमेश्वर अपने साढ़ू हंशलाल पुत्र रामखेलावन, निवासी हाथीनाला के साथ बाइक संख्या यूपी-64 बी 5395 से दुद्धी बाजार की ओर आ रहे थे। दोनों साढ़ू अपने ससुराल से दुद्धी की तरफ जा रहे थे।
इसी दौरान जपला चौराहे के पास सामने से जपला की ओर जा रही पिकअप संख्या यूपी-64 एच 3087 से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में बाबूलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हंशलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने घायल हंशलाल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही दुद्धी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटना में शामिल पिकअप को कब्जे में ले लिया।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया। बाबूलाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
कस्बा प्रभारी हरिकेश आजाद ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। दुर्घटना में शामिल पिकअप को कब्जे में लेकर पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
