राम प्रताप
सोनभद्र/ ईद-उल-अजहा के पावन अवसर पर गुरूवार को रॉबर्ट्सगंज नगर में नमाज अदा करने के बाद सौहार्द एवं भाईचारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि एक मंच पर नजर आए। सभी ने जिले में अमन-चैन, भाईचारा और खुशहाली की दुआ की तथा एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।कार्यक्रम में अल ईमान फाउंडेशन के सदर हाजी सलीम हुसैन, सदर मुश्ताक अहमद खान, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा और पूर्व सदर अजहर खान विशेष रूप से मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर सामाजिक एकता का संदेश दिया। अल ईमान फाउंडेशन के सदर हाजी सलीम हुसैन ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, कुर्बानी और इंसानियत का पैगाम देती है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग की सेवा और आपसी मोहब्बत को बढ़ावा देना ही संस्था का उद्देश्य है तथा सोनभद्र की एकता ही जिले की सबसे बड़ी ताकत है। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि त्योहारों का वास्तविक उद्देश्य दिलों को जोड़ना होता है। उन्होंने सोनभद्र की गंगा-जमुनी तहजीब को पूरे प्रदेश के लिए मिसाल बताते हुए कहा कि हर हाल में इस भाईचारे को बनाए रखना जरूरी है। सदर मुश्ताक अहमद खान ने अपने संबोधन में गरीबों, यतीमों और जरूरतमंदों की मदद करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुर्बानी का असली संदेश यही है कि अपनी खुशियों में दूसरों को भी शामिल किया जाए। वहीं पूर्व सदर अजहर खान ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई सभी समुदायों का एक साथ मिलकर त्योहार मनाना सोनभद्र की खूबसूरती है और इस परंपरा को हमेशा कायम रखा जाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में देश और प्रदेश में अमन-शांति, तरक्की और आपसी सौहार्द के लिए सामूहिक दुआ की गई।
