महुली खेल मैदान में बहा रहे घरों का गंदा पानी
21 फरवरी से शुरू होनी है क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता
महुली/उपेंद्र तिवारी/ दुद्धी विकास खंड के महुली कस्बे में स्थित राजा बरियार शाह खेल मैदान में रहवासियों के घरों का गंदा पानी बहाये जाने से खिलाड़ियों में आक्रोश है|इनका कहना है कि घरों से निकलने वाले गंदे पानी की नालियों को मैदान में बहाने से यहां दुर्गंध उठता रहता है और खेलते हुए कई बार खिलाड़ी कीचड़ में चले जाते हैं|खिलाड़ियों ने कहा कि खेल मैदान की चहारदीवारी से सटे कतिपय घरों का गंदा पानी बहाने के लिए दीवार में छेद कर दिया गया है| पिछले दिनों हुए फुटबाल टूर्नामेंट में इन नालियों को बंद करा दिया गया था किंतु इसके तुरंत बाद से नालियों को फिर खोल दिया गया| खेल मैदान में गंदा व दुर्गंध युक्त पानी खिलाड़ियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है| सन्नी राज, सूरज कुमार, सोनू राजा आदि खिलाड़ियों ने खेल मैदान में गंदा पानी बहाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है|